पलिया कलां, लखीमपुर खीरी। वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग, पलिया-खीरी मुख्यालय से पलिया नगर के प्रमुख मार्गों पर एक विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली को दुधवा टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के अध्यापकगण, छात्र-छात्राओं, स्थानीय गणमान्य नागरिकों तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में वन संरक्षण के नारे लिखी तख्तियां लिए छात्र वन बचेंगे-वन्यजीव बचेंगे के नारे लगाते चल रहे थे।
रैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि वन केवल पेड़ों का समूह नहीं, बल्कि असंख्य जीव-जंतुओं, पक्षियों और वनस्पतियों का प्राकृतिक घर तथा हमारे जीवन के लिए आवश्यक पर्यावरणीय संतुलन का आधार हैं। वन्यजीवों की सुरक्षा केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यालय अधीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि आज की जागरूकता ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जंगल, समृद्ध जैव-विविधता और स्वच्छ पर्यावरण की नींव रख सकती है। उन्होंने सभी से वन बचाने, वन्यजीव बचाने और प्रकृति का सम्मान करने का संकल्प लेने की अपील की।


Post a Comment