सिंगाही खीरी। कस्बे के मोहल्ला बाढ़ियन टोला, वार्ड नंबर नौ में गुरुवार तड़के बारिश के दौरान करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया जाता है कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे बारिश शुरू होने पर चुन्ना अपने आंगन में सूख रहे कपड़े उतारने पहुंचे। इसी दौरान टीन में उतरे करंट के कारण कपड़े फैलाने वाले लोहे के तार में भी बिजली दौड़ गई और चुन्ना उसकी चपेट में आ गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर पत्नी नसरीन बानो तथा दोनों बेटे शीबू और शराफत उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए।
इसी बीच चुन्ना के छोटे भाई हकीमुद्दीन का 20 वर्षीय बेटा अल्ताफ हुसैन डंडा लेकर मौके पर पहुंचा। उसने करंट प्रवाहित कर रहे तार पर डंडे से जोरदार प्रहार किया, जिससे तार टूटकर उसके ऊपर ही आ गिरा। करंट लगने से अल्ताफ की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई और घायलों को सीएचसी निघासन पहुंचाया। अस्पताल में चुन्ना, उनकी पत्नी नसरीन बानो तथा दोनों बेटों का उपचार जारी है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Post a Comment