सिंगाही (खीरी)। कस्बे में सोमवार को एसएसबी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त कार्रवाई में 3.862 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार एनसीबी के प्रभारी निरीक्षक कौशलेंद्र मिश्रा, तृतीय वाहिनी एसएसबी डांगा के इंस्पेक्टर मेघराज तथा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर वार्ड संख्या तीन निवासी शिवम गुप्ता पुत्र राजीव गुप्ता को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3 किलो 862 ग्राम गांजा और 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।
गौरतलब है कि सोमवार को एनसीबी और एसएसबी की टीम ने कस्बे में कई स्थानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई दोपहर करीब दो बजे शुरू होकर रात 11 बजे तक चली। मंगलवार को जारी प्रेस नोट में पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी की पुष्टि की।
आरोपी के विरुद्ध थाना सिंगाही में मुकदमा संख्या 125/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
Post a Comment