निघासन-खीरी ।
क्षेत्र के बैलहा गांव में शनिवार सुबह खेत में चारा लेने गए एक अधेड़ पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे निघासन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार बैलहा के ठाकुरपुरवा गांव निवासी 50 वर्षीय शुक्ला शनिवार सुबह गांव के पास स्थित गन्ने के खेत में चारा लेने गया था। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे जंगली सूअर ने उसे सामने देखकर अचानक हमला कर दिया। हमले में शुक्ला के हाथ, पैर, सिर, कंधे और कलाई समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
शुक्ला की चीख सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह जंगली सूअर को भगाकर शुक्ला को उसके चंगुल से बचाया। परिजन आनन-फानन में उसे निघासन सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में जंगली सूअरों की आवाजाही बढ़ गई है। इससे खेतों में काम करने वाले लोगों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली सूअरों के आतंक से निजात दिलाने और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।

Post a Comment