सिंगाही-खीरी। कस्बे के ऐतिहासिक राजमहल में इन दिनों म्यूजिक वीडियो की शूटिंग चल रही है। लंदन और मुंबई से आए म्यूजिक ग्रुप की ओर से हो रही इस शूटिंग ने सिंगाही में पर्यटन की संभावनाओं को एक बार फिर से जीवंत कर दिया है। राजमहल की अनूठी कला शैली और ऐतिहासिक विरासत लंबे समय से कस्बे की पहचान को अलग मुकाम दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है।
सिंगाही निवासी डॉ. रवि पंत लंदन में चिकित्सक हैं। उनकी पत्नी डॉ. तुलसा म्यूजिक ग्रुप चलाती हैं और स्वयं भी गीत लिखती हैं। इन दिनों प्रयागराज कुंभ मेले से चर्चित हुईं मोनालिसा को लेकर एक फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। फिल्म के लिए डॉ. तुलसा द्वारा लिखे गए दो गीतों की शूटिंग प्रस्तावित है।
बताया गया कि इन दोनों गीतों की शूटिंग पहले राजस्थान में म्यूजिक डायरेक्टर शिखर संतोष के निर्देशन में होनी थी। इसी बीच डॉ. तुलसा ने गीतों की शूटिंग के लिए सिंगाही के राजमहल का प्रस्ताव रखा। इसके बाद मॉडल आयुषी और अंतिक को यहां शूटिंग के लिए राजी किया गया।
डॉ. तुलसा ने बताया कि गीतों की शूटिंग रविवार से शुरू हो गई है और सोमवार को भी शूटिंग जारी रहेगी। ऐतिहासिक राजमहल में म्यूजिक वीडियो की शूटिंग होने से स्थानीय लोगों में भी उत्साह है। लोगों का मानना है कि फिल्मों और म्यूजिक वीडियो की शूटिंग से सिंगाही के राजमहल को नई पहचान मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।

Post a Comment