Top News

एक सप्ताह में दो बच्चों की मौत से दहशत, कड़िया फार्म और बकटुर्री गांव में बकरियों को बना रहे शिकार

बेलरायां (लखीमपुर खीरी)। जिले में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों से लोगों में दहशत का माहौल है। उत्तर खीरी वन प्रभाग की बेलरायां रेंज में तेंदुओं का आतंक लगातार बना हुआ है। एक सप्ताह के भीतर दो बच्चों की मौत के बाद भी तेंदुए वन विभाग की पकड़ से दूर हैं। उन्हें पकड़ने के लिए कई स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है।

नेपाल सीमा से सटे कड़िया फार्म और बकटुर्री गांव में तेंदुए की दहशत बरकरार है। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुआ एक सप्ताह के भीतर किशन नगर निवासी रामकुमार और बकटुर्री निवासी रामबहादुर की एक-एक बकरी को मार चुका है। इसके अलावा गनेश, रामलखन और विजय कुमार की बकरियों को भी तेंदुआ अपना शिकार बना चुका है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से पिंजरे लगाए गए हैं, लेकिन इन इलाकों में अभी तक तेंदुआ पिंजरे में नहीं फंसा है। इस संबंध में बेलरायां नॉर्थ के रेंजर भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि तेंदुओं को पकड़ने के लिए क्षेत्र में कुल आठ पिंजरे लगाए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post