तिकुनिया खीरी। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनबीरपुर में एक बार फिर तेंदुए की दहशत देखने को मिली है। बीती रात एक तेंदुआ बनबीरपुर में मंशाराम पुत्र परसादी के बने पशुबाड़े में घुस आया और वहां बंधे एक मासूम बछड़े को अपना निवाला बना लिया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात के सन्नाटे में तेंदुआ चुपचाप मंशाराम ग्रामीण के पशुबाड़े में दाखिल हुआ। बाड़े में बंधे जानवरों के बीच से तेंदुए ने एक बछड़े को दबोच लिया और उसे अपना निवाला बना लिया सुबह जब मंशाराम जानवरों को पशुवाडे से बाहर निकालने के लिए पहुंचे तो उनको बछड़े का क्षत-विक्षत शव मिला, जिसके बाद तेंदुए के हमले की पुष्टि हुई।
घटना के बाद से पूरे इलाके के लोगों में भारी दहशत का माहौल है। किसानों और पशुपालकों का कहना है कि शाम ढलते ही अब घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पहले भी जंगली जानवरों की गतिविधि देखी गई है, लेकिन वन विभाग द्वारा कोई ठोस सुरक्षा उपाय या गश्त नहीं बढ़ाई गई है।
घटना की सूचना देने के बाद वन दरोगा इसरार हुसैन ने घटनास्थल का मुआयना कर पैरों के निशानों की जांच शुरू कर कैमरे लगाने की बात कही है। विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है।

Post a Comment