सिंगाही (लखीमपुर-खीरी)। कस्बे के राजा प्रताप विक्रम शाह इंटर कॉलेज में गुरुवार को स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि सरकार की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत नगर पंचायत की ओर से नगर को स्वच्छ रखने के लिए विभिन्न जागरूकता अभियान चलाए गए। इसी क्रम में राजा प्रताप विक्रम शाह इंटर कॉलेज में छात्राओं के बीच स्वच्छता विषय पर निबंध एवं कलात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को गुरुवार को विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद कयूम, कॉलेज के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. एनयू खान, पूर्व प्रधान श्रीराम सिंह, अधिशासी अधिकारी दिनेश शुक्ल और प्रधानाचार्य मदन गोपाल वर्मा ने छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम का संचालन नगर पंचायत के लिपिक सुरेंद्र सिंह ने किया।

Post a Comment