Top News

गोकशी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली

 

मैलानी-खीरी। पुलिस ने गोकशी की घटना के मामले में चार आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान आरोपी वसीम के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके तीन अन्य साथियों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार बीते14 सितंबर को ग्राम झाला-संसारपुर में दो गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना पर थाना मैलानी में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 238/26, धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस का कहना है कि 17 सितंबर को करीब शाम 4:30 बजे ग्राम सिंघाताली पुलिया के पास आरोपियों की मौजूदगी की सूचना पर कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस मुठभेड़ में वसीम पुत्र हनीफ निवासी भुड़वारा, थाना गोला के पैर में गोली लगी। उसके साथ मौजूद रूहीन पुत्र करामत, मोहसीम पुत्र हनीफ, दोनों निवासी गुलाबनगर थाना मैलानी, तथा नीलकण्ठ उर्फ राकेश पुत्र सालिकराम निवासी झाला थाना मैलानी को भी गिरफ्तार किया गया। वसीम के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा एक चापड़, लोहे की छुरी, लकड़ी का ठीहा, चार प्लास्टिक की बोरियां, चार प्लास्टिक की रस्सियां और प्लास्टिक की पन्नी भी बरामद होने की बात कही गई है।

मुठभेड़ के संबंध में थाना मैलानी में मुकदमा अपराध संख्या 240/26 के तहत धारा 109(1) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वसीम के खिलाफ पूर्व में भी गोवध निवारण अधिनियम, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, गिरोहबंद अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक जितेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक अंकुर समेत मैलानी थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post