Top News

बाढ़ पीड़ितों को मिली राहत, 600 राशन किट वितरित

 

निघासन-खीरी। तहसील क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए प्रशासन ने राहत अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को उप मंडी स्थल निघासन-लुधौरी में आयोजित राहत वितरण कार्यक्रम में करीब 600 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत राशन किट वितरित की गई।

राहत सामग्री का वितरण क्षेत्रीय विधायक शशांक वर्मा की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह, तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी, नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार और क्षेत्रीय लेखपाल की टीम ने बस्ती पुरवा, लंघनिया पुरवा, देवीदीन पुरवा और कामता नगर के बाढ़ प्रभावित लोगों को किट सौंपी।

बताया गया कि हाल की भारी बारिश और नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण इन पुरवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को मंडी स्थल और अन्य सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। प्रशासन द्वारा दी गई राहत किट में आटा, चावल, दाल, तेल, चीनी, मसाले और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है।

इस अवसर पर विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है। किसी भी प्रभावित परिवार को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र परिवार राहत से वंचित न रहे और जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए।

उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह ने बताया कि तहसील क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित गांवों का सर्वे कराया जा रहा है और आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता रामकुमार मौर्य, रवि सोनी, दीपू शुक्ला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post