लखीमपुर-खीरी। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला अध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन के नेतृत्व में बुधवार को जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से जिले में धान खरीद की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने तथा किसानों से कथित अवैध कटौती और अतिरिक्त वसूली पर रोक लगाने की मांग की गई। भाकियू ने विशेष रूप से निघासन उपमंडी में अब तक सरकारी धान क्रय केंद्र स्थापित नहीं होने का मुद्दा उठाया। संगठन का कहना है कि क्रय केंद्र नहीं होने के कारण क्षेत्र के किसानों को बिचौलियों के माध्यम से कम कीमत पर धान बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। किसानों के हित में निघासन उपमंडी में तत्काल सरकारी क्रय केंद्र स्थापित कर खरीद शुरू कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि धान खरीद के लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण और बुकिंग पोर्टल अभी तक शुरू नहीं हुआ है, जबकि खतौनी सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी प्रारंभ नहीं हुआ है। संगठन ने पोर्टल तत्काल खोलने और सत्यापन प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की। भाकियू ने जिले में निर्धारित सभी धान क्रय केंद्रों को तत्काल संचालित कराने की भी मांग रखी। संगठन के अनुसार धान की फसल पककर तैयार है और खरीद व्यवस्था समय से शुरू नहीं होने पर किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दे के रूप में धान खरीद में कथित अवैध कटौती और अतिरिक्त वसूली का मामला उठाया गया। भाकियू का आरोप है कि कुछ राइस मिलों द्वारा किसानों से प्रति क्विंटल दो किलो धान की कटौती, 15 रुपये पल्लेदारी तथा सीडी/कैश डिपॉजिट के नाम पर अतिरिक्त धनराशि ली जा रही है। संगठन ने इस पर तत्काल रोक लगाने और दोषी मिलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते धान खरीद की व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं और किसानों से कथित अवैध वसूली जारी रही, तो संगठन किसान हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान किसान नेता जसपाल सिंह पल्ला,जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र इकबाल सिंह, विधान सभा अध्यक्ष अमरजीत सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मुख्तार सिंह, तहसील अध्यक्ष संदीप सिंह , बलदेव सिंह बिल्ला आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment