निघासन-खीरी। नगर के सुभाष नगर में बुधवार सुबह खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने छप्पर से बने बंगले को अपनी चपेट में ले लिया। आग में घर का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।जानकारी के अनुसार सुभाष नगर निवासी ओमप्रकाश पाल की बेटी पिंकी बुधवार सुबह करीब सात बजे खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर से गैस लीक होने लगी और अचानक आग की लपटें उठने लगीं। पिंकी ने आग बुझाने का प्रयास करते हुए शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। इस बीच आग तेजी से फैल गई और छप्पर से बना बंगला जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह बंगले में बंधे पशुओं की रस्सियां काटकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। आग में कपड़े, बिस्तर समेत अन्य घरेलू सामान जल गया। सूचना पर फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और घटना की जानकारी अधिकारियों को दी। कोतवाल गोपाल नारायण सिंह, हल्का दरोगा लोकनाथ गुप्ता और सिपाही अंकित ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसडीएम यदुवीर सिंह ने बताया कि राजस्व लेखपाल से नुकसान के आकलन की रिपोर्ट मांगी गई है।

Post a Comment