सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। थाना क्षेत्र में साढ़े चार साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बेलरायां-सिंगाही रोड करीब डेढ़ घंटे तक जाम रखा। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी देने और उसका घर बुलडोजर से गिराने की मांग की। सीओ निघासन और अपर पुलिस अधीक्षक के समझाने पर भी लोग नहीं माने। बाद में एसडीएम निघासन यदुवीर सिंह के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो गया।
रविवार सुबह करीब आठ बजे 65 वर्षीय आरोपी ने घर के सामने रहने वाली साढ़े चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। करीब 12 बजे ग्रामीण और बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्ध बाबा मंदिर परिसर में जुट गए।
सूचना पर सीओ निघासन शिवम कुमार पहुंचे और करीब आधे घंटे तक लोगों से वार्ता की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पवन गौतम भी वार्ता करने पहुंचे लूट उनके समझाने के बाद भी लोग अपनी मांग पर अड़े रहे और सिंगाही-बेलरायां मार्ग जाम कर धरना शुरू कर दिया।
हालात बिगड़ते देख एसडीएम निघासन यदुवीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से वार्ता कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण और बजरंग दल कार्यकर्ता शांत हुए और धरना समाप्त कर दिया।



Post a Comment