निघासन-खीरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सरपतहा में गुरुवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलते ही निघासन पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए सीओ शिवम कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा था, वह ग्राम सभा की भूमि बताई जा रही है। इसी भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। पूर्व में स्थापित अंबेडकर प्रतिमा को किसी व्यक्ति द्वारा खंडित किए जाने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद भूमि के विवाद को लेकर दोनों पक्ष न्यायालय की शरण में चले गए थे। मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है।
गुरुवार को एक पक्ष ने इसी विवादित स्थल पर दोबारा डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया। दूसरे पक्ष ने न्यायालय में मामला विचाराधीन होने का हवाला देते हुए इसका विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया। साथ ही विवादित स्थल पर स्थापित की जा रही अंबेडकर की प्रतिमा को भी पुलिस अपने साथ ले गई।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष आपस में पारिवारिक हैं। विवाद को देखते हुए दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment