लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर लखीमपुर खीरी की सियासत में मिशन 2027 की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
विधानसभा क्षेत्र 142 सदर सीट पर सियासी हलचल बढ़ती नजर आ रही है। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपनी दावेदारी के संकेत देकर सियासी पारा बढ़ा दिया है।
बताया जा रहा है कि पीएम मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा पखवाड़ा और विभिन्न कार्यक्रमों के बीच सुनील सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की।
सुनील सिंह लखीमपुर खीरी भाजपा के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं। जिला अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। उनका जनाधार भी काफी मजबूत माना जाता है। उनके इस संकेत के बाद सदर सीट पर टिकट के दावेदारों में हलचल मच गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुनील सिंह का यह दांव भाजपा आलाकमान को एक संदेश है। 2027 की तैयारी अभी से शुरू हो गई है और सदर सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने वाला है।
फिलहाल भाजपा के खेमे में इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया है कि क्या पार्टी इस बार सदर सीट पर किसी नए चेहरे पर दांव लगाएगी? सुनील सिंह की दावेदारी से यह तय है कि लखीमपुर सदर की राजनीति में आने वाले दिनों में और भी कई बड़े उलटफेर देखने को मिल सकते हैं।

Post a Comment