निघासन-खीरी। ईमानदारी और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए सभासद असलम ने सड़क पर गिरे 36,250 रुपये उनके असली मालिक को वापस लौटा दिए। इस नेक पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। करीब 10 दिन पहले पलिया रोड स्थित हनुमान स्वीट्स के पास एक काली झिल्ली पड़ी मिली थी। सभासद असलम ने जब उसे देखा तो उसमें बैंक पासबुक के साथ 36,250 रुपये रखे हुए थे। उन्होंने रुपये अपने पास सुरक्षित रखकर काली झिल्ली और उसमें मिली वस्तुओं की जानकारी व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई, ताकि इसके वास्तविक मालिक का पता लगाया जा सके।
जानकारी मिलने के बाद पलिया खुर्द निवासी बिजेंद्र ने संपर्क कर रुपये और बैंक पासबुक के बारे में जानकारी दी। पहचान की पुष्टि होने पर सभासद असलम ने पूरी रकम उन्हें सौंप दी। अपने रुपये वापस पाकर बिजेंद्र बेहद खुश हुए और उन्होंने असलम का आभार जताया। स्थानीय लोगों ने उनकी ईमानदारी की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक मिसाल बताया है।


Post a Comment