सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। उत्तर खीरी वन प्रभाग की उत्तर निघासन रेंज की लट्टौआ बीट में रविवार रात एक और तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए की चहलकदमी से पिछले कई दिनों से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ था।
बेलरायां नार्थ के रेंजर भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि बीते कई दिनों से लट्टौआ इलाके में एक तेंदुआ लगातार चहलकदमी कर रहा था। इसके चलते ग्रामीणों में भय का माहौल था। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने इलाके में पिंजरा लगाकर उसमें बकरी बांधी थी।
रविवार रात करीब आठ बजे तेंदुआ बकरी के लालच में पिंजरे में कैद हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर तैनात वन विभाग की टीम ने पिंजरे की निगरानी शुरू कर दी। वन विभाग की टीम तेंदुए को रेंज कार्यालय लाने की तैयारी में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि लट्टौआ इलाके में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा तेंदुआ पिंजरे में कैद हुआ है। लगातार तेंदुए पकड़े जाने से क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
Post a Comment