Top News

बनवीरपुर में पुलिस ने लगाई जागरूकता चौपाल, महिलाओं को सुरक्षा और स्वावलंबन का दिया संदेश

रणनगर (तिकुनिया-खीरी)। मिशन शक्ति अभियान के तहत तिकुनिया पुलिस ने रविवार को क्षेत्र के ग्राम बनवीरपुर में जागरूकता चौपाल लगाकर महिलाओं और युवतियों को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया।
थानाध्यक्ष तिकुनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीण महिलाओं, युवतियों और छात्राओं से संवाद कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की मदद लेने की अपील की।
चौपाल में 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तथा 102 और 108 स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। पुलिस ने महिलाओं से कहा कि किसी भी उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचना दें। उनकी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम ने महिलाओं को शासन की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित किया।
इस दौरान ग्राम प्रधान, बड़ी संख्या में महिलाएं, ग्रामीण और थाना तिकुनिया की महिला बीट आरक्षी मौजूद रहीं। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
रिपोर्ट: योगेश कुमार रणनगर

Post a Comment

Previous Post Next Post