Top News

नहीं मिला रंजीत और बलराम का सुराग, एनडीआरएफ-एसएसबी की टीमें तलाश में जुटीं

 

तिकुनिया (खीरी)। मोहाना नदी में शुक्रवार को नाव पलटने के बाद पानी के तेज बहाव में बहे रंजीत और बलराम का दूसरे दिन शनिवार को भी कोई सुराग नहीं लग सका। दोनों की तलाश में एनडीआरएफ और एसएसबी की टीमें लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। नदी का तेज बहाव और जलस्तर अधिक होने के कारण बचाव दल को तलाश अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बाबापुरवा गांव निवासी रंजीत और बलराम तथा केवटली निवासी अशोक और रामकुमार नाव से मोहाना नदी के पार मवेशियों के लिए घास लेने गए थे। घास लेकर वापस लौटते समय नदी की तेज धार के झोंके से छोटी नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में रंजीत और बलराम नदी की तेज धारा में बह गए, जबकि अशोक और रामकुमार तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए।

एनडीआरएफ टीम के कमांडर राम सिंह ने बताया कि मोहाना नदी का बहाव काफी तेज है, जिससे तलाशी अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। इसके बावजूद टीम लगातार दोनों की तलाश में जुटी हुई है। उधर, कोतवाल अवनीश कुमार गिरिजापुरी बैराज क्षेत्र में भी निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि नदी में बहकर आने वाले दोनों युवकों के संबंध में कोई सुराग मिल सके।

शनिवार को एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बचाव एवं तलाश अभियान की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और बचाव दल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम यदुवीर सिंह, तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी, नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार, लेखपाल फूलचंद, प्रधान प्रतिनिधि सुरेश तलवाड़, मुन्ने खां, पूर्व प्रधान राजाराम मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

दोनों लापता युवकों के परिजन और ग्रामीण नदी किनारे डटे हुए हैं और उनके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन की निगरानी में एनडीआरएफ और एसएसबी का तलाशी अभियान लगातार जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post