खमरिया (लखीमपुर-खीरी)। थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में रविवार रात निर्माणाधीन दीवार गिरने से पड़ोसी परिवार पर आफत टूट पड़ी। दीवार सीधे झोपड़ी पर गिरने से उसमें सो रहे दंपति और उनके दो मासूम बेटे मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य चलाकर चारों को बाहर निकाला। हादसे में घायल महिला और उसके बड़े बेटे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी अशोक कुमार अपने मकान की पुरानी दीवार की मरम्मत करा रहे थे। रविवार रात करीब नौ बजे निर्माणाधीन दीवार अचानक भरभराकर पड़ोसी विक्रम लाल की झोपड़ी पर गिर गई। हादसे के समय झोपड़ी में विक्रम लाल (38), उनकी पत्नी माधुरी (34) तथा बेटे विराज (10) और राज (8) सो रहे थे। दीवार गिरते ही झोपड़ी ढह गई और चारों मलबे में दब गए।
परिजनों और ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनते ही मौके पर पहुंचकर फावड़ों की मदद से मलबा हटाया और सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद माधुरी और विराज की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि विक्रम लाल और राज का उपचार सीएचसी में किया गया।
घटना की सूचना पर खमरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि राहत कार्य में थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
तहसीलदार आदित्य विशाल ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
Post a Comment