Top News

उधारी के 35 हजार रुपये मांगने पर खूनी संघर्ष, चार घायल, निरोधात्मक कार्रवाई के बाद जमानत पर छूटे आरोपियों पर फिर मारपीट का आरोप

खमरिया (लखीमपुर खीरी)। ईसानगर थाना क्षेत्र के हसनापुर गांव में उधारी के रुपये मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से लखनऊ के केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी उमेश राजपूत का आरोप है कि गांव के ही कुबेर राजपूत पर उसकी मजदूरी के 35 हजार रुपये बकाया थे। इसी लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हुआ था। शिकायत मिलने पर ईसानगर पुलिस ने कुबेर समेत तीन लोगों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में निरोधात्मक कार्रवाई की थी। रविवार को तीनों आरोपियों को एसडीएम धौरहरा की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें भविष्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने की शर्त पर जमानत मिल गई।
आरोप है कि जमानत पर छूटने के कुछ ही घंटों बाद आरोपी गांव लौटे और उमेश को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के तीन अन्य सदस्य भी मारपीट में घायल हो गए।
घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए खमरिया सीएचसी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल उमेश को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए केजीएमयू ट्रामा सेंटर, लखनऊ भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post