मझगई (लखीमपुर खीरी)। ग्राम पंचायत कटहिया में प्रस्तावित अन्नपूर्णा भवन के निर्माण में ग्राम समाज की भूमि पर हुए कथित अवैध कब्जे के कारण बाधा उत्पन्न हो गई है। शिकायतों और राजस्व विभाग की जांच में कब्जे की पुष्टि होने के बाद अब तहसील प्रशासन भूमि को कब्जामुक्त कराने की तैयारी में जुट गया है। सूत्रों के अनुसार जल्द ही अवैध निर्माण हटाने के लिए बुल्डोजर चलाया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार अन्नपूर्णा भवन के निर्माण के लिए ग्राम समाज की गाटा संख्या 83 की नवीन परती भूमि चिन्हित की गई थी। इस परियोजना के लिए करीब 8.46 लाख रुपये की धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है। लेकिन इसी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर निजी निर्माण शुरू कर दिए जाने से सरकारी योजना अधर में लटक गई है।
इस मामले में ग्रामीणों ने पहले भी तत्कालीन एसडीएम राजीव निगम से शिकायत की थी। उनके निर्देश पर हल्का लेखपाल ने जांच कर 30 जून 2026 को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। रिपोर्ट में संबंधित भूमि को ग्राम समाज की नवीन परती भूमि बताते हुए पूर्व में कब्जे के प्रयास का उल्लेख किया गया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि जांच रिपोर्ट आने के बावजूद प्रभावशाली लोगों के दबाव में कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे कब्जेदारों के हौसले बढ़ गए और अब पक्का निर्माण कराया जा रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर नवागत एसडीएम यदुवीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर तत्काल अवैध कब्जा हटाने की मांग की है।
एसडीएम यदुवीर सिंह ने मामले की दोबारा जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है। तहसील प्रशासन का कहना है कि यदि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण की पुष्टि होती है तो उसे हटाकर भूमि को अन्नपूर्णा भवन निर्माण के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
रिपोर्ट : शिव आसरे गुप्ता
Post a Comment