निघासन। नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा पांच और आठ पास विद्यार्थियों के प्रेरणा पोर्टल पर नामांकन, यू-डायस पोर्टल पर अपार आईडी बनाने और ड्रॉपबॉक्स से विद्यार्थियों को इंपोर्ट करने की धीमी प्रगति को लेकर मंगलवार को ब्लॉक सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) धर्मेश कुमार ने की।बीईओ ने बताया कि इन कार्यों की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत उच्चाधिकारी लगातार समीक्षा कर रहे हैं। विद्यालयों को कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद कई विद्यालयों में प्रगति संतोषजनक नहीं है। इसी को लेकर कम प्रगति वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को समीक्षा बैठक में बुलाया गया था।बैठक में कुल 146 शिक्षकों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन 34 शिक्षक अनुपस्थित रहे। बीईओ धर्मेश कुमार ने बताया कि अनुपस्थित शिक्षकों को अनुशासनहीनता के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नोटिस के जवाब में स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी। उन्होंने सभी विद्यालयों को लंबित विभागीय कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

Post a Comment