बेलरायां लखीमपुर खीरी। फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब बेलरायां द्वारा आयोजित बेलरायां प्रीमियर लीग सीजन 3 यानी BPL-3 नाइट टूर्नामेंट का फाइनल क्रिकेट इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। चीनी मिल प्रशासन के विशेष सहयोग से चीनी मिल कॉलोनी ग्राउंड पर दुधिया रोशनी में खेले गए इस खिताबी मुकाबले को देखने के लिए करीब 7000 दर्शक मैदान में मौजूद थे। पूरे टूर्नामेंट को चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक और इंजीनियर श्री नितिन वर्मा एवं अन्य उच्च अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
फाइनल में अमीरखान पुरवा 11 और कॉलोनी 11 आमने सामने थीं। 15-15 ओवर के इस मैच में दोनों टीमों ने आखिरी गेंद तक संघर्ष किया और निर्धारित ओवरों के बाद स्कोर बराबर 119-119 रहने के कारण मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमीरखान पुरवा 11 की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के स्टार बल्लेबाज भूपेंद्र सिंह बिना खाता खोले ही तीसरी गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद सगुन ने पारी को संभाला और मैदान के चारों तरफ आक्रामक शॉट लगाए। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 3 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 52 रन की तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। मध्यक्रम में मोहम्मद साहिल ने 30 गेंदों में 22 रन और कप्तान अदनान अली ने 12 रन का योगदान दिया। फैज खान 11 रन बनाकर आउट हुए। कॉलोनी 11 की तरफ से अभिषेक राज ने 2 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए। उत्कर्ष पाठक और दिवाकर राज को 2-2 विकेट मिले जबकि जतिंदर सिंह ने 1 विकेट लिया। कसी हुई गेंदबाजी के कारण अमीरखान पुरवा 11 टीम 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 119 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कॉलोनी 11 की शुरुआत भी लड़खड़ाती रही। ओपनर मनोज कुमार यादव 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पिछले मैच के हीरो वरिंदर गोराया इस बार 8 गेंदों में 6 रन ही बना सके। इसके बाद तुषार वर्मा ने 10 गेंदों में 18 रन की तेज पारी खेली जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल था। टीम को जीत के करीब लाने में जतिंदर सिंह ने 20 गेंदों में 24 रन की पारी खेली जिसमें 4 चौके लगे। कप्तान जीएम सर 8 रन बनाकर नाबाद रहे। अमीरखान पुरवा की तरफ से मोहम्मद साहिल ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल दिखाया और 3 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट चटकाए। सगुन, भूपेंद्र सिंह और साहिल खान को 1-1 विकेट मिला। आखिरी ओवर तक चले रोमांच के बाद कॉलोनी 11 भी 15 ओवर में 8 विकेट पर 119 रन ही बना सकी और मैच टाई हो गया।
मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमीरखान पुरवा 11 के लिए एक बार फिर सगुन हीरो बने। उन्होंने एक ही ओवर में 2 गगनचुंबी छक्के लगाकर टीम का स्कोर 14 रन तक पहुंचा दिया। जवाब में 15 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कॉलोनी 11 के लिए तुषार वर्मा और जतिंदर सिंह बल्लेबाजी करने आए। दोनों ने पूरी कोशिश की लेकिन अमीरखान पुरवा के गेंदबाजों के सामने वे सिर्फ 12 रन ही बना सके। इस तरह 2 रन से सुपर ओवर जीतकर अमीरखान पुरवा 11 ने BPL-3 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
इस हाई वोल्टेज फाइनल में अंपायरिंग की जिम्मेदारी अयाज खान और सचिन अग्रवाल ने निभाई। कमेंट्री बॉक्स से नईम अंसारी और मयंक अग्रवाल ने अपनी आवाज से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। टूर्नामेंट को सफल बनाने में फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब बेलरायां की आयोजन समिति के तुषार लाहिड़ी, नवीन अग्रवाल, एखलाक, अमान खान, शोयब और फैजल का अहम योगदान रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरजू सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड के उपाध्यक्ष श्री सुच्चा सिंह और भिडौरी ग्राम प्रधान ध्रुव वर्मा मौजूद रहे। उनके साथ कंचन वर्मा, दिनेश वर्मा BDC और घनश्याम अग्रवाल सहित चीनी मिल के अधिकारी भी उपस्थित थे। विजेता अमीरखान पुरवा 11 को ट्रॉफी के साथ 31 हजार रुपये और उपविजेता कॉलोनी 11 को ट्रॉफी के साथ 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले अमीरखान पुरवा 11 के भूपेंद्र सिंह उर्फ राजा को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्हें लालजी फर्नीचर हाउस के इंद्रपाल और ओम टूर एंड ट्रेवल्स के आशीष जायसवाल की ओर से ट्रॉफी और 2100 रुपये की नकद राशि भेंट की गई।
Post a Comment