Top News

लोकनिर्माण और गन्ना विभाग की अनदेखी, जनप्रतिनिधि ने संभाली मोर्चा, अमनदीप सिंह ने ईंट-रोड़ा डालकर दी राहत

सिंगाही (लखीमपुर-खीरी)। सिंगाही-नौरंगाबाद मार्ग पर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए शनिवार को निघासन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह ने अपने निजी खर्च से गड्ढे की पटाई कराकर लोगों को राहत दिलाई। गड्ढे में ईंट का रोड़ा डलवाकर उसे भरवा दिया गया, जिससे अब इस स्थान पर दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक समाप्त हो गई है।
गौरतलब है कि लोक निर्माण विभाग और गन्ना विकास विभाग के बीच जिम्मेदारी तय न होने के कारण सिंगाही-नौरंगाबाद मार्ग की मरम्मत लंबे समय से नहीं हो सकी है। परिणामस्वरूप सड़क की हालत अत्यंत जर्जर हो चुकी है। लगातार हो रही मानसूनी बारिश से सड़क के गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
बारिश के कारण सड़क किनारे बने बड़े गड्ढे में रात के समय दो बाइक सवार गिरकर घायल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ऐसे में शनिवार को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह ने पहल करते हुए कई ट्रॉलियों में ईंट का रोड़ा मंगवाकर गड्ढे की पटाई करा दी।
स्थानीय लोगों ने अमनदीप सिंह के इस जनहितकारी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते गड्ढा भर जाने से अब इस स्थान पर होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन में सुविधा मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post