मझगई (लखीमपुर खीरी)। निघासन क्षेत्र के नौगवां गांव में शुक्रवार तड़के एक विशालकाय मगरमच्छ के घर में घुस आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे खमरिया स्थित शारदा नदी में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार नौगवां निवासी दीपक शर्मा के घर में शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे एक मगरमच्छ भटककर घुस आया। वह कमरे में रखी चारपाई के नीचे जाकर बैठ गया। कुछ देर बाद परिजनों को किसी भारी जीव की आहट महसूस हुई। टॉर्च की रोशनी में चारपाई के नीचे मगरमच्छ दिखाई देने पर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए मगरमच्छ पर नजर बनाए रखी और किसी तरह उसे घर से बाहर निकलने से रोकते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही निघासन रेंज की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित कब्जे में ले लिया।
वन विभाग की टीम मगरमच्छ को वाहन से खमरिया स्थित शारदा नदी ले गई, जहां उसे प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इसके बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली।
निघासन रेंज के फॉरेस्टर पीयूष कुमार ने बताया कि बारिश के मौसम में नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से वन्यजीव आबादी की ओर भटककर आ सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसे पकड़ने या छेड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
Post a Comment