Top News

मंदिर की दीवार से सटा बना शौचालय प्रशासन ने हटवाया

सिंगाही (लखीमपुर-खीरी)। कस्बे के वार्ड संख्या 11 स्थित संतोषी माता मंदिर की दीवार से सटाकर बनाए गए शौचालय को मंगलवार को प्रशासन ने ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष तथा नगर पंचायत की टीम मौके पर मौजूद रही।
जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 11 निवासी साकिर ने संतोषी माता मंदिर की दीवार से सटाकर शौचालय का निर्माण करा लिया था। इसे हटवाने की मांग को लेकर प्रदीप श्रीवास्तव के परिवार की ओर से न्यायालय में वाद दायर किया गया था। बताया जाता है कि वर्ष 2023 में उक्त वाद खारिज हो गया था।
मंदिर की दीवार से सटे शौचालय के निर्माण को लेकर कस्बे के हिंदू संगठनों में लगातार नाराजगी बनी हुई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंगलवार को उपजिलाधिकारी राजीव निगम, नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद कय्यूम तथा नगर पंचायत कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन की मौजूदगी में मंदिर की दीवार से सटा शौचालय ध्वस्त करा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी की गई। प्रशासन ने कहा कि सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post