मझगई (लखीमपुर खीरी)। संविलियन विद्यालय द्वारिकापुरवा में शनिवार को माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित माताओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास, नियमित शिक्षा, पोषण और घर पर सकारात्मक शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए इंचार्ज प्रधानाध्यापक राजीव पाण्डेय ने कहा कि बच्चे की पहली पाठशाला उसका घर और पहली शिक्षक उसकी मां होती है। उन्होंने माताओं से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी पढ़ाई में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
वरिष्ठ शिक्षक महेश चौहान ने बच्चों की उचित देखभाल, संतुलित पोषण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि घर पर पढ़ाई का अनुकूल वातावरण बनाकर ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
इस दौरान बाल वाटिका एवं प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक और मनोरंजक गतिविधियों का आकर्षक प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि बैठक में शामिल माताओं ने स्वयं शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) तैयार की, जिससे बच्चों को खेल-खेल में प्रभावी ढंग से शिक्षा दी जा सके।
कार्यक्रम में इंचार्ज प्रधानाध्यापक राजीव पाण्डेय, महेश चौहान, अरुण कुमार शर्मा, सुमिर यादव, नन्दकिशोर यादव, संतोषी, मीना देवी, प्रीती मौर्य, सुमन एवं संगीता राठौर सहित बड़ी संख्या में माताएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।
— शिव आसरे गुप्ता
Post a Comment