मझगईं (लखीमपुर खीरी)। थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में दो अलग-अलग घरों को अपना निशाना बनाकर पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। चोर दोनों घरों से करीब 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बटोर ले गए। एक ही रात में दो चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
मझगईं थाना के धर्मापुर के पचपेड़ा निवासी जसवंत कुमार मौर्य के परिवारजन रात में बरामदे में सो रहे थे। तभी चोरों ने मकान के पीछे लगी खिड़की की जाली और सरिया तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे को अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद अलमारी व लॉकर का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने की मांगबेंदी, झाला, कुंडल, अंगूठी, पायल और 20 हजार रुपये नगद लगभग 3 लाख का समेट लिए। सुबह करीब 4 बजे जब जसवंत मोबाइल चार्ज करने कमरे की तरफ गए, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर जब वे टॉर्च लेकर मकान के पीछे पहुंचे तो खिड़की की जाली टूटी और सरिया बाहर निकला देखा। अंदर झांकने पर अलमारी खुली व सारा सामान बिखरा पड़ा था, जिसे देख उनके होश उड़ गए। जसवंत के घर हुई चोरी की जानकारी मिलने पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव के ही श्रवण कुमार उनके हाल-चाल जानने पहुंचे थे। उधर, जब श्रवण कुमार की पत्नी ने सुबह झाड़ू लगाने के लिए अपने घर का कमरा खोलना चाहा, तो वह भी अंदर से बंद मिला। श्रवण कुमार ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो देखा कि चोरों ने पीछे की दीवार में सेंध लगाकर घर में घुसे थे। चोर उनके घर से जेवर, बर्तन और 7 हजार रुपये नगद सहित करीब 2 लाख रुपये का माल पार कर चुके थे। एक ही दिन में दो घरों में हुई लाखों की चोरी से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। दोनों पीड़ितों ने मझगईं थाने में लिखित तहरीर देकर घटना के शीघ्र खुलासे और माल बरामदगी की मांग की है।
Post a Comment