मझगई (लखीमपुर खीरी)। ग्राम पंचायत मझगई के मजरा छब्बापुरवा में स्वच्छता व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से नालियों की सफाई न होने के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। नालियों का गंदा और बरसाती पानी सड़कों पर फैलने से आवागमन बाधित हो रहा है तथा लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
गांव में जलभराव के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और दुर्गंध से ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद पंचायत प्रशासन ने समस्या के समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
प्रशासनिक उदासीनता से नाराज ग्रामीणों ने आखिरकार स्वयं फावड़ा और झाड़ू उठाकर नालियों की सफाई शुरू कर दी। उनका कहना है कि यदि समय पर सफाई कराई जाती तो उन्हें यह कदम उठाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं तो नियमित सफाई क्यों नहीं हो रही। लोगों ने प्रशासन से गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने और सड़कों पर जमा गंदे पानी की निकासी का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिल सके।
रिपोर्ट: शिव आसरे गुप्ता
Post a Comment