निघासन-खीरी। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के आदेश के अनुपालन में सोमवार को निघासन नगर पंचायत में तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू हो गई। तहसील प्रशासन ने दो जेसीबी मशीनों की मदद से तालाब की जमीन पर बने यात्री प्रतीक्षालय को ध्वस्त कर दिया, जबकि अटल पार्क में लगा तिरंगा पोल भी उखाड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में निर्माण हटाए गए।
कार्रवाई का नेतृत्व उपजिलाधिकारी राजीव निगम ने किया। उनके साथ प्रभारी तहसीलदार हर्ष निशांत, नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार, नगर पंचायत के कर्मचारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने पहले क्षेत्र को खाली कराया, इसके बाद बुलडोजर से अवैध निर्माण हटाए गए।
एसडीएम राजीव निगम ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशानुसार श्रेणी-6 के तालाब की भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया जा रहा है। इसी क्रम में तालाब की जमीन पर बने यात्री प्रतीक्षालय, पार्क से जुड़े निर्माण और तिरंगा पोल को हटाया गया है।
उन्होंने बताया कि तालाब की भूमि पर बनी कुछ दुकानों का मामला फिलहाल अपीलीय न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय से निर्णय आने के बाद उन पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट ने हाल ही में तालाबों और अन्य जलस्रोतों पर हुए अतिक्रमण को हटाकर उन्हें मूल स्वरूप में बहाल करने के निर्देश दिए थे। न्यायालय ने दो माह के भीतर कार्रवाई पूरी करने का आदेश दिया है। सोमवार की कार्रवाई को उसी आदेश के अनुपालन की शुरुआत माना जा रहा है। अब लोगों की नजर तालाब की शेष भूमि पर बने अन्य निर्माणों पर होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।
Post a Comment