लखीमपुर-खीरी। आगामी छोटी काशी सावन मेले के सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी अंजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने मेला परिसर तथा उससे जुड़े प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर में पुलिस एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, यातायात डायवर्जन, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, खोया-पाया केंद्र, अग्निशमन व्यवस्था तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और मेले के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी अंजनी सिंह ने कहा कि सावन मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सतर्क और सक्रिय रहें।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में नियमित गश्त, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को भी बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण में दर्शन और पूजा-अर्चना का अवसर मिल सके।
Post a Comment