Top News

प्राथमिक शिक्षकों की मांग पर बदला स्कूलों का समय, डीएम के निर्देश पर बीएसए ने जारी किया आदेश

बीएसए द्वारा जारी किया गया आदेश
लखीमपुर-खीरी। जिले में भीषण गर्मी और उमस के बीच सरकारी विद्यालयों में बच्चों के बेहोश होने की घटनाओं के बाद आखिरकार प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। सोमवार को जिले के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में पांच बच्चों के बेहोश होने की सूचना के बाद प्राथमिक शिक्षक संगठनों ने जिलाधिकारी से विद्यालयों का समय बदलने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद जिलाधिकारी अंजनी सिंह के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) प्रवीण कुमार तिवारी ने नया आदेश जारी कर दिया।
बीएसए द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार जनपद के बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत संचालित समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में 7 जुलाई 2026 से अग्रिम आदेश तक सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक शिक्षण कार्य कराया जाएगा।
आदेश में यह भी कहा गया है कि बच्चों की छुट्टी के बाद सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं दोपहर 12:30 बजे तक विद्यालय में रुककर डीबीटी, नामांकन, यू-डायस, नव भारत साक्षरता सर्वे, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना, अपर आईडी, ईको क्लब फॉर मिशन लाइफ सहित अन्य ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शासकीय कार्यों का निस्तारण करेंगे।
सोमवार को स्कूल खुलने के पहले ही दिन भीषण गर्मी और उमस के चलते जिले के सरकारी विद्यालयों में पांच बच्चों के बेहोश होने की घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं के बाद अभिभावकों और शिक्षकों में चिंता बढ़ गई थी। प्राथमिक शिक्षक संगठनों ने तत्काल विद्यालयों का समय प्रातःकाल करने की मांग उठाई थी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जारी इस आदेश से अब छोटे बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा निर्धारित समय में विद्यालयों का नियमित निरीक्षण भी किया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post