Top News

वन विभाग की टीम पर कच्ची शराब माफियाओं का हमला, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त

निघासन-खीरी। मझगईं रेंज के मुर्गहा वन ब्लॉक में गश्त कर रही वन विभाग की टीम पर बुधवार शाम कच्ची शराब माफियाओं ने हमला कर दिया। हमलावरों ने सरकारी वाहन पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। वन विभाग की टीम किसी तरह जान बचाकर मौके से निकली। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम न आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे नदी तैरकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मझगईं रेंज के डिप्टी रेंजर मनोज कुमार अपनी टीम के साथ नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान नदी किनारे कुछ लोग बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची शराब बनाते मिले। वन विभाग की टीम को देखते ही आरोपियों ने हमला कर दिया। वनकर्मियों ने उनका सामना करने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने पथराव कर सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया। घटना की सूचना पर रेंजर अंकित कुमार सिंह और मझगईं थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे नदी पार कर भाग निकले। गुरुवार सुबह आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नदी किनारे चल रहे अवैध शराब निर्माण स्थल पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में कच्ची शराब की लहन और उपकरण नष्ट कर दिए।
रेंजर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। वन विभाग की तहरीर पर पुलिस ने करीब एक दर्जन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मझगईं थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से एक आरोपी को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post