Top News

जंगल से खोदकर लाए गए धरती के फूल से लदी पिकअप वन विभाग ने पकड़ी, चालक फरार

सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। उत्तर खीरी वन प्रभाग की बेलरायां रेंज की टीम ने गुरुवार रात जंगल से अवैध रूप से खोदकर लाए गए धरती के फूल (प्राकृतिक मशरूम) से लदी एक पिकअप को कस्बे के खैरीगढ़ तिराहे पर पकड़ लिया। वन विभाग की टीम को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
बेलरायां रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप जंगल से अवैध रूप से खोदकर लाए गए धरती के फूल लेकर सिंगाही की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सिंगाही के खैरीगढ़ तिराहे पर पहुंचकर निगरानी करने लगी।
कुछ देर बाद खैरीगढ़ की ओर से एक संदिग्ध पिकअप आती दिखाई दी। वन विभाग की टीम को देखकर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर पिकअप से करीब ढाई बोरे धरती के फूल (प्राकृतिक मशरूम) बरामद हुए।
वन विभाग की टीम पिकअप और बरामद धरती के फूल को कब्जे में लेकर बेलरायां रेंज कार्यालय पहुंच गई। रेंजर के अनुसार पकड़ी गई पिकअप बेलरायां क्षेत्र की बताई जा रही है। मामले में आवश्यक वन अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post