Top News

दिव्य ज्योति कलश के स्वागत में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, नगर में निकली भव्य शोभायात्रा

निघासन(लखीमपुर खीरी)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज, हरिद्वार से पूजित दिव्य ज्योति कलश का सोमवार को कस्बा निघासन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष एवं अखंड ज्योति पत्रिका के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही जनजागरण यात्रा के अंतर्गत दिव्य ज्योति कलश के नगर आगमन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। दिव्य ज्योति कलश के स्वागत में नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें गायत्री परिवार के सैकड़ों परिजनों, मातृशक्ति, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर दिव्य ज्योति कलश का स्वागत किया। गायत्री मंत्रों के सामूहिक उच्चारण, भजन-कीर्तन एवं जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
शोभायात्रा के उपरांत घर-घर पूजन एवं वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने आवासों पर दिव्य ज्योति कलश का विधि-विधान से पूजन कर परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और सद्भाव की कामना की। इस अवसर पर गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क अभियान चलाकर वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी तथा अखंड ज्योति पत्रिका के 100 वर्ष पूर्ण होने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से संस्कारयुक्त जीवन, सेवा, स्वावलंबन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने की अपील करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
निघासन से दिलीप यादव की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post