निघासन(लखीमपुर खीरी)।
पढ़ुआ थाना क्षेत्र के बल्दीपुरवा गांव में बीते दिनों हुई मारपीट की घटना में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट ग्रामीणों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी (सीओ) कार्यालय पहुंचकर सीओ को संबोधित ज्ञापन कोतवाल गोपाल नारायन सिंह को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि 27 जून को गांव के दरबारी लाल, घनश्याम, विदेश और हरगोविंद ने विनोद और प्रमोद पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद पढ़ुआ पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया था। ग्रामीणों और संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि घटना के एक माह बाद भी पुलिस ने केवल एक आरोपी को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि अन्य नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उनका यह भी आरोप है कि शेष आरोपी लगातार पीड़ित पक्ष पर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद ने मांग की है कि मामले में नामजद सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित पक्ष के विरुद्ध दर्ज मुकदमे को निरस्त किया जाए। इस संबंध में कोतवाल गोपाल नारायन सिंह ने बताया कि संगठन के पदाधिकारी सीओ कार्यालय आए थे और उनसे वार्ता की गई है। उन्होंने कहा कि मामला पढ़ुआ थाना क्षेत्र का है। प्रकरण की विवेचना में तेजी लाई जाएगी तथा संगठन के लोगों से इसके लिए कुछ समय मांगा गया है।
निघासन से दिलीप यादव की रिपोर्ट
Post a Comment