लखीमपुर-खीरी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खीरी पुलिस ने रविवार को जनपद भर में विशेष यातायात अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 1414 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 11 वाहनों को सीज कर कुल ₹15,56,500 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। अभियान के तहत यातायात पुलिस ने एलआरपी चौराहा, राजापुर चौराहा और संकटा देवी चौराहा पर विशेष जागरूकता अभियान चलाकर वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीटबेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया। वहीं, 25 और 26 जुलाई की रात 8 बजे से 11 बजे तक फरधान, मैंगलगंज और सिसैया टोल प्लाजा पर ड्रिंक एंड ड्राइविंग के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया गया।
पुलिस ने अभियान के दौरान 11 वाहनों को सीज किया, जिनमें दो ट्रक, एक मैजिक, सात मोटरसाइकिल और एक स्कूटी शामिल है। चालान की कार्रवाई में सबसे अधिक 1012 वाहन बिना हेलमेट के पकड़े गए। इसके अलावा ओवरस्पीड के 183, प्रेशर हॉर्न के 70, फाल्टी नंबर प्लेट के 55, ट्रिपलिंग के 50, नो-पार्किंग के 20, रांग साइड चलने के 11, बिना सीटबेल्ट के 8 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले 5 वाहन चालकों के चालान किए गए। खीरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, हेलमेट और सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
Post a Comment