निघासन (लखीमपुर खीरी)। शुक्रवार रात मझगईं रेंज के बौधिया कला गांव में तेंदुआ देखे जाने से दहशत फैल गयी। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से निकलकर पास के गन्ने के खेत में चला गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण कर निगरानी बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे नहर के पश्चिम दिशा में स्थित नंदकिशोर यादव के बंगले के पीछे एक जंगली जानवर दिखाई दिया। उस समय नंदकिशोर के भाई कोमल और भगलू मवेशियों को बांधने के लिए बंगले पर गये थे। तभी उन्हें पीछे कुछ हलचल महसूस हुई। पास जाकर देखा तो वहां तेंदुआ खड़ा था। तेंदुए को सामने देखकर दोनों ने शोर मचाया, जिससे वह बाग की ओर भागता हुआ गन्ने के खेत में घुस गया। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही मझगईं रेंज की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मझगईं रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि शुरुआती सूचना बाघ दिखाई देने की थी, लेकिन मौके पर जांच के दौरान तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि शाम के समय गन्ने के खेतों की ओर अकेले न जाएं, बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर न भेजें।
Post a Comment