लखीमपुर खीरी। नीमगांव पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में सिकन्द्राबाद कस्बे की एक बर्तन दुकान में हुई चोरी का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए बर्तन, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल तथा एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम ने बताया कि बीते 14 जून 2026 को सिकन्द्राबाद स्थित एक बर्तन की दुकान में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना नीमगांव पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। शनिवार को दौदापुर-बिल्लाई रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन मौर्य उर्फ विवेक उर्फ पिंटू निवासी गोरिया थाना पढुआ और लवकुश निवासी जोखीपुरवा थाना निघासन के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से पीली धातु के बर्तन, एक मिल्टन की बोतल, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल तथा लवकुश के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई, जबकि अवैध शस्त्र मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है। आरोपी विपिन मौर्य का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध लखीमपुर खीरी, लखनऊ, सीतापुर और अयोध्या सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, एनडीपीएस, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट, साइबर अपराध और पुलिस अभिरक्षा से फरार होने समेत 28 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं लवकुश पर लूट, अपहरण, पॉक्सो और आर्म्स एक्ट सहित 6 मुकदमे दर्ज हैं।
Post a Comment