Top News

शिक्षक हितों के मुद्दों पर गरजी बैठक, मधुरेश शुक्ला व सूरज कुमार को मिला शिक्षकों का समर्थन

सिंगाही (लखीमपुर-खीरी)। प्राथमिक शिक्षक संघ, निघासन के चुनाव को लेकर सिंगाही में आयोजित बैठक शिक्षक एकजुटता का केंद्र बनी रही। बैठक में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मधुरेश शुक्ला एवं मंत्री पद के प्रत्याशी सूरज कुमार के समर्थन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। इस दौरान शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई और दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मधुरेश शुक्ला ने शिक्षकों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने भ्रष्टाचार पर अंकुश, शिक्षक सम्मान, शिक्षकों का समान प्रतिनिधित्व तथा संगठन को मजबूत बनाने सहित विभिन्न मुद्दों पर अपना पक्ष रखा। उनके विचारों का उपस्थित शिक्षकों ने समर्थन किया।
बैठक में शिक्षकों के वेतन खातों को लेकर व्याप्त भ्रम और शंकाओं के समाधान के लिए मधुरेश शुक्ला के विशेष आमंत्रण पर लखीमपुर से भारतीय स्टेट बैंक के चीफ मैनेजर असद तथा एसबीआई निघासन शाखा के अधिकारी दानिश भी पहुंचे। उन्होंने वेतन खाते से मिलने वाली सुविधाओं, बैंकिंग प्रक्रियाओं और अन्य आवश्यक जानकारियों से शिक्षकों को अवगत कराया तथा उनके सवालों के जवाब दिए। साथ ही आश्वस्त किया कि बैंक में शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक केवल चुनावी चर्चा तक सीमित नहीं रही, बल्कि शिक्षक हितों और उनकी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर भी गंभीर मंथन हुआ। उपस्थित शिक्षकों ने इसे उपयोगी एवं सार्थक बैठक बताते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post