Top News

जाल में फंसा मिला अजगर, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा


निघासन(लखीमपुर खीरी)।
दक्षिण निघासन वन रेंज क्षेत्र के पचपेड़ी गांव में बृहस्पतिवार को खेत के पास लगे जाल में करीब 10 फीट लंबा अजगर फंस गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे बंगलहा तकिया जंगल में छोड़ दिया। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों और किसानों ने राहत की सांस ली।
गुरुवार को पचपेड़ी गांव निवासी शिव प्रकाश मौर्य के घर के पास खेत में लगे जाल में अजगर फंसा हुआ दिखाई दिया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। किसी अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दक्षिण निघासन वन रेंज की टीम मौके पर पहुंची। वन कर्मियों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 10 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे बंगलहा तकिया जंगल में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में वन दरोगा शुभम, अक्षय मौर्य और मनोज कुमार शामिल रहे। दक्षिण निघासन वन रेंज के रेंजर मोबीन आरिफ ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया है।
निघासन से दिलीप यादव

Post a Comment

Previous Post Next Post