लखीमपुर-खीरी। मैगलगंज थाना अंतर्गत लालपुर स्थित यशोधरा बौद्ध विहार में गुरुवार को एक दंपति ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को साक्षी मानकर गंधर्व विवाह किया। विवाह के उपरांत दोनों ने बौद्ध भिक्षु से आशीर्वाद प्राप्त कर अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के पिहानी क्षेत्र के ग्राम निजामपुर निवासी सालिक राम पुत्र बाबू राम की पहली पत्नी करीब 12 वर्ष पूर्व घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद शाहजहांपुर जनपद के थाना सेरामऊ क्षेत्र के ग्राम दादऊ निवासी रंजना देवी पुत्री रामदीन, सालिक राम के परिवार के साथ रहकर उनके बच्चों की देखभाल करती थीं। बताया जाता है कि दोनों के साथ रहने को लेकर गांव और समाज के कुछ लोगों द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती थीं। ऐसे में दोनों ने अपने संबंध को सामाजिक मान्यता देने का निर्णय लिया। गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को लालपुर स्थित यशोधरा बौद्ध विहार में दोनों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर गंधर्व विवाह संपन्न किया। विवाह के बाद बौद्ध भिक्षु ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया।
विवाह के उपरांत दोनों पति-पत्नी के रूप में अपने घर के लिए रवाना हो गए। इस अनोखे विवाह की क्षेत्र में व्यापक चर्चा रही, वहीं स्थानीय लोगों ने नवदंपति को शुभकामनाएं देकर उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की कामना की।
Post a Comment