सिंगाही-खीरी। थाना क्षेत्र के ऐली गांव में पैतृक संपत्ति के विवाद ने बुधवार को उस समय नाटकीय मोड़ ले लिया, जब अपने हिस्से की जमीन न मिलने से नाराज एक व्यक्ति मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों तक समझाने-बुझाने का प्रयास करती रही।
जानकारी के अनुसार ऐली गांव निवासी तेज बहादुर के पांच पुत्र हैं। परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद के बीच उनका पुत्र राजू (45) बुधवार शाम करीब पांच बजे गांव में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। राजू का आरोप है कि उसके पिता ने पैतृक जमीन बेच दी, लेकिन उसे उसका हिस्सा नहीं दिया गया। वह मौके पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और जिलाधिकारी (डीएम) को बुलाकर न्याय दिलाने की मांग पर अड़ा रहा।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। टॉवर के नीचे खड़ी राजू की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन लगातार उसे नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह अपनी मांगों पर अडिग रहा।
वहीं, पिता तेज बहादुर का कहना है कि उनके पास कुल 17 बीघा जमीन थी, जिसमें से 8 बीघा जमीन बेचकर बैंक का कर्ज चुकाया गया है। उनका कहना है कि जमीन बिक्री का निर्णय पारिवारिक परिस्थितियों और आर्थिक मजबूरियों के चलते लिया गया था।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे हुए थे। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही और लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
Post a Comment