Top News

निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल। जे ई बोले मानक के अनुरूप हो रहा कार्य।

निघासन-खीरी। तहसील क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा निर्मित की जा रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जीतपुरवा गांव से मंडप फार्म तक बन रही सड़क का कुछ हिस्सा निर्माण के दौरान ही उखड़ने लगा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि बिना उचित साफ-सफाई किए सड़क पर बजरी बिछाई जा रही है तथा तारकोल की मात्रा भी कम प्रयोग की जा रही है। इसी वजह से सड़क निर्माण के दौरान ही जगह-जगह से उखड़ने लगी है।
ग्रामीणों ने सड़क की खराब गुणवत्ता को दर्शाते हुए एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। उनका कहना है कि करीब 2.750 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण लाखों रुपये की लागत से किया जा रहा है, इसलिए कार्य की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) अरविंद कुमार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सड़क का निर्माण कार्य अभी जारी है। उन्होंने बताया कि वायरल फोटो और वीडियो में दिखाई दे रहा हिस्सा ट्रैक्टर के पहिए से प्रभावित होकर उखड़ गया था, जिसे तत्काल ठीक कराया जा रहा है।
जेई ने कहा कि वह स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे हैं। जहां कहीं भी पत्थर या अन्य सामग्री की मात्रा कम पाई जा रही है, वहां अतिरिक्त सामग्री मंगवाकर डलवाई जा रही है तथा कुटाई कराकर कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता संबंधी सभी मानकों का पालन किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post