घटना की जानकारी करते एसएचओ
सिंगाही। कस्बे के वार्ड नंबर 13 में नगर पंचायत द्वारा लगाए गए कूल वाटर में करंट उतर आने से पानी पीने गए नौ वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले गए।
जानकारी के अनुसार, कस्बे के वार्ड नंबर 8 स्थित वाल्मीकि मोहल्ला निवासी राजेश का नौ वर्षीय पुत्र रितिक उर्फ चन्नी अपने बाबा राजाराम के साथ सूप बेचने बाजार गया था। प्यास लगने पर वह अपनी बुआ के बेटे अंश के साथ वार्ड नंबर 13 में मस्जिद के पास लगे नगर पंचायत के कूल वाटर से पानी पीने चला गया।
बताया जाता है कि कूल वाटर में करंट उतर रहा था। रितिक के साथ गए अंश के अनुसार, जब उसने पानी पीने का प्रयास किया तो उसे हल्का झटका महसूस हुआ। इसके बाद जैसे ही रितिक पानी पीने लगा, वह करंट की चपेट में आकर कूल वाटर से चिपक गया।
अंश ने तुरंत इसकी सूचना चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम के घर जाकर वहां मौजूद लोगों को दी। सूचना मिलते ही दो लोग मौके पर पहुंचे और लकड़ी के डंडे की सहायता से रितिक को करंट से अलग किया। इसके बाद उसे आनन-फानन में एक डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजन शव को घर ले गए। बताया जाता है कि घटना के समय रितिक के पिता राजेश अपनी पत्नी के साथ जनपद बहराइच के कारीकोटा मेले में गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही सिंगाही थानाध्यक्ष दिलीप कुमार चौबे मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी प्राप्त की।
Post a Comment