Top News

यूपी के हर जिले में होगा निवेश, मैन्युफैक्चरिंग से बढ़ेगी प्रति व्यक्ति आय: सीएम योगी

अधिकारियों के साथ बैठक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 (जीबीसी 5.0) की तैयारियों को लेकर इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने और हर जनपद तक निवेश पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा हुई। 

हर जिले तक पहुंचे निवेश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जीबीसी 5.0 के अंतर्गत प्रदेश के हर जनपद में निवेश सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले को निवेश से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। इसका सीधा असर प्रदेश की 'पर कैपिटा इनकम' बढ़ाने पर पड़ेगा। 
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर विशेष जोर
सीएम योगी ने कहा कि जनपदों की प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने के लिए मैन्युफैक्चरिंग पावर को बढ़ावा देना सबसे जरूरी है। उत्तर प्रदेश अब पारंपरिक औद्योगिक राज्य की छवि से आगे बढ़ रहा है और रक्षा निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्रीन एनर्जी, डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग का राष्ट्रीय हब बनकर उभर रहा है।

लीड्स 2025 में मिला एग्जेम्प्लर अवार्ड
बैठक के दौरान इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों ने हाल ही में लीड्स 2025 रैंकिंग में उत्तर प्रदेश को मिले 'एग्जेम्प्लर अवार्ड' को मुख्यमंत्री को सौंपा। यह अवार्ड निवेश आकर्षित करने और कारोबारी माहौल सुधारने के लिए यूपी को मिला है।

डिफेंस कॉरिडोर में बढ़ी भूमि की मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर' में निवेशकों की तरफ से भूमि की मांग तेजी से बढ़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मांग के सापेक्ष भूमि की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इसके लिए लैंडबैंक बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। 
एफडीआई और एमओयू पर फोकस
सीएम योगी ने कहा कि विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) को आमंत्रित करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाएं। साथ ही उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि एमओयू करते समय संस्थानों की पूरी पड़ताल और पृष्ठभूमि की जानकारी अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि केवल गंभीर और विश्वसनीय निवेश ही प्रदेश में आए। जीबीसी 5.0 के जरिए सरकार का लक्ष्य बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को नई गति देना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post