लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2027 में पीडीए की सरकार बनाने के लिए पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर कार्यकर्ताओं को पूरी तरह मुस्तैद कर चुकी है।
श्री यादव ने 19, विक्रमादित्य मार्ग स्थित पार्टी कार्यालय से जारी बयान में कहा, "हम चाहते हैं कि हमारे साथ एलायंस में जो भी चुनाव लड़े, उसे हमारी बूथ लेवल तक की मजबूत संगठनात्मक शक्ति का पूरा फायदा मिले। हमने हमेशा कहा है कि बात सीट की नहीं, जीत की है।"
किसी दल की नहीं, समुदाय की सरकार बनेगी
अखिलेश यादव ने दोहराया कि इस बार किसी दल की नहीं बल्कि एक समुदाय की सरकार बनेगी और उस समुदाय का नाम है पीडीए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पीडीए समुदाय में देश के सभी समाजों की आबादी के वो 95% पीडीए लोग शामिल हैं, जो पीड़ित, दुखी, अपमानित हैं।
पीडीए आंदोलन को बताया "नई आज़ादी का आंदोलन
सपा प्रमुख ने कहा कि पीडीए का आंदोलन वर्चस्ववाद और भेदभाव के खिलाफ नई आज़ादी का आंदोलन है, जिससे संविधान और आरक्षण बचा रहे। इसका परम लक्ष्य सामाजिक न्याय का राज स्थापित करना है, ताकि सभी समाजों के बीच समता का भाव और अवसरों की समानता मिल सके।
उन्होंने कहा, "सौहार्द से शांति होगी और शांति से तरक्की होगी। तरक्की का समान वितरण होने से सबके हिस्से ख़ुशहाली आएगी और सब समृद्ध होंगे। इसी से देश मजबूत होगा।"
पीडीए देशभक्ति का नया उद्घोष
अखिलेश यादव ने पीडीए को देशभक्ति का नया उद्घोष बताते हुए सभी देशभक्तों से आंदोलन से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन संविधान के अनुसार लोक-कल्याण और सर्व समाज उत्थान के लिए अत्यंत सकारात्मक आंदोलन है। "इस आंदोलन में जो हमारे साथ हैं, हम उनके साथ हमेशा रहे हैं, हमेशा रहेंगे"।
Post a Comment