Top News

मायके में आई विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर मुकदमा दर्ज,हुआ गिरफ्तार

सिंगाही-खीरी। थाना क्षेत्र के फरदहिया गांव में मायके आई एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरदहिया गांव निवासी नन्हू की पुत्री बबिता देवी की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी लवकुश उर्फ लवकेश के साथ हुई थी। शुक्रवार को बबिता अपने पति के साथ मायके आई थीं। शनिवार को उनका शव गांव से करीब 400 मीटर दूर स्थित एक बंगले में फंदे से लटका मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिंगाही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बबिता की मौत को संदिग्ध बताते हुए पति पर हत्या का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे एवं क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार गांव पहुंचे और परिजनों से वार्ता की। अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।
थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी पति लवकुश उर्फ लवकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post