सिंगाही।खीरी। नगर में आज बकरीद का त्यौहार पूरे उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी।
ईदगाह पर हाफिज मोहम्मद शोएब ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी। इस मौके पर मोहम्मद क़य्यूम ने सभी क्षेत्रवासियों को बकरीद की बधाई दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
त्यौहार की खुशी में शामिल होने के लिए पूर्व विधायक आर एस कुशवाहा भी ईदगाह पहुंचे। उन्होंने मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और सौहार्द की मिसाल पेश की।नमाजियों की सुविधा के लिए नगर पंचायत की तरफ से ईदगाह पर प्याऊ भी लगाया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को शरबत और ठंडा पानी पिलाया गया। त्यौहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सिंगाही पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। ईदगाह समेत प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि त्यौहार पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
Post a Comment